14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस के रुप में मनाएगी पंजाबी महासभा

देहरादून

उत्तरांचल पंजाबी महासभा आगामी 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस के रुप में मनाएगा। रुद्रपुर में होने वाले इस कार्यक्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी शामिल होंगे। जबकि पीएम नरेन्द्र मोदी की वर्चुअल उपस्थिति के प्रयास किए जा रहे हैं। उत्तरांचल प्रेस क्लब में हुई प्रेसवार्ता में उत्तरांचल पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव घई ने उत्तराखंड में बसे सभी शरणार्थी परिवारों की तरफ से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार प्रकट करते हुए कहा कि 1947 बंटवारा उनके बुजुर्गों के त्याग व बलिदान का प्रतीक है। गत वर्ष आजादी के 75 वर्ष होने पर लालकिले से पीएम मोदी ने 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाने की घोषणा कर उनके बुजुर्गों द्वारा दी गई कुरबानियों को राष्ट्रीय मान्यता एवं सम्मान दिया, जिससे शहीद हुए बुजुर्गो के वारिसों में संतुष्टि का भाव है। रुद्रपुर में होने वाले इस कार्यक्रम के लिये रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा को संयोजक बनाया गया है। शिव अरोड़ा ने बताया कि विभाजन के दौरान कई ऐसे भी लोग रहे जिनका अंतिम संस्कार तक नहीं हो सका। ऐसे बजुर्गों की शांति के लिए हवन में आहुति दे कर उनकी आत्मा की शांति की अरदास की जाएगी। उन्होंने कहा कि शरणार्थियों ने जितनी कठिन जिंदगी जी उतनी ही मेहनत भी की और देश के विकास में अतुलनीय योगदान दिया। समाज को भाईचारे के साथ प्रदेश व देश के लिये समर्पित रहने की शिक्षा दी। इस कार्यक्रम में 75 साल से अधिक आयु के बुजुर्गों को 1947 विभाजन विभीषिका सेनानी सम्मान दिया जाएगा। कैंट विधायक सविता कपूर ने कहा कि विभाजन के पीड़ित बुजुर्गों के वारिस अपने बुजुर्गो का विवरण महासभा को 8 अगस्त तक भेजें। मौके पर गढ़वाल प्रभारी जीएस आनंद, प्रवीण सेठी, डा. प्रेम कश्यप, अमरजीत सिंह कुकरेजा, मनु कोचर, अरुण सूद, गुरपाल सिंह, युवा अध्यक्ष देहरादून गुरमीत जायसवाल, अमित भाटिया, अरुण खरबंदा, विजय तुली, रवि अरोड़ा, अनिता, बबिता, संदीप नागपाल मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *