शादी का कार्ड बांटने जा रहे बैंक अधिकारी को कार ने रौंदा
मुरादाबाद
कमालपुरी ढकिया मार्ग पर शादी के कार्ड बांटने जा रहे बैंक अधिकारी की शनिवार की दोपहर सड़क दुर्घटना में उस समय मौत हो गई जब उनकी बाइक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।
रामपुर जनपद के बादली टांडा निवासी वीर सिंह पुत्र ऊदल सिंह टांडा बादली के बैंक ऑफ बड़ौदा में बीसी के पद पर तैनात थे। उनके भतीजे सुरेंद्र की शादी होने वाली थी। वह अपने भतीजे सुरेंद्र के साथ शादी के कार्ड बांटने के लिए कमालपुरी ढकिया मार्ग पर बाइक से जा रहे थे। बाइक बसिया पूरा पदार्थ के पास पहुंची तो तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। वीर सिंह गंभीर घायल हो गए। उन्हें चिंताजनक हालत में राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सुरेंद्र का रो-रोकर बुरा हाल था।
