जानकीझूला पुल के पास अतिक्रमण से परेशानी
ऋषिकेश। मुनिकीरेती नगर पालिका क्षेत्र पर्यटन और तीर्थाटन का प्रवेशद्वार है। लेकिन जानकी झूला पुल से पहले मार्ग के दोनों छोर पर अतिक्रमण के चलते दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। यहां दुपहिया वाहनों की आवाजाही भी बाधित हो रही है। लेकिन नगर पालिका प्रशासन यहां से अतिक्रमण हटाने को दिलचस्पी नहीं ले रहा है। जानकीझूला पुल को पर्यटकों की आवाजाही आसान करने के लिए बनाया गया। यहां पर पैदल और दुपहिया वाहनों की आवाजाही भी होती है। लेकिन पुल बनने के साथ ही इस मार्ग पर अतिक्रमण भी बढ़ गया। मार्ग किनारे रेहड़ी, ठेलियों की वजह से दुपहिया वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता है। पर्यटकों की भीड़ लगने पर कई बार जाम भी लगता है। स्थानीय लोगों को कहना है कि नगर पालिका के अधिकारियों को इस बाबत शिकायत की जा चुकी है। मगर यहां से अभी तक अतिक्रमण नहीं हटा।
मुनिकीरेती नगर पालिका ने अतिक्रमण वाले स्थानों को चिह्नित किया है। जहां- जहां पर लोगों ने अवैध रूप से अतिक्रमण कर रखा है। टीम वहां से अतिक्रमण हटायेगी। -तनवीर मारवाह, ईओ ।
