उन्नाव पीड़िता से मिलने जा रहे भीम आर्मी प्रमुख को पुलिस ने रोका तो धरने पर बैठे -बाद में चंद्रशेखर ने समर्थकों के साथ मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिया और वहां से चले गये
कानपुर……
उन्नाव पीड़िता से मिलने जा रहे भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर को पुलिस ने गंगा बैराज पर रोक दिया। इसके बाद वह अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गये। वह अपने समर्थकों के साथ पीड़िता से मिलने सर्वोदय नगर स्थित एक निजी अस्पताल जा रहे थे। कानपुर परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक मोहित अग्रवाल ने बताया कि चंद्रशेखर और उनके समर्थकों को लड़की से मिलने की इजाजत नहीं दी गई, क्योंकि अस्पताल में भीड़भाड़ से संक्रमण हो सकता है और पीड़िता के लिए गंभीर खतरा हो सकता है। बाद में चंद्रशेखर ने मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिया और वहां से चले गये।
पत्रकारों से बातचीत करते हुये भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर ने कहा कि जिस तरह से प्रशासन ने उन्हें रोकने के लिए पुलिस की तैनाती की, उसी तरह की व्यवस्था अपराधियों को रोकने के लिए की जानी चाहिए। गौरतलब है कि उन्नाव के असोहा थाना इलाके के एक गांव में बुधवार शाम खेतों पर गयीं तीन दलित किशोरियां अचेत पाईं गईं थीं। इन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने दो लड़कियों को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरी की हालत गंभीर देखकर उसे उन्नाव के अस्पताल ले जाया गया और बाद में कानपुर रेफर कर दिया गया। तीसरी किशोरी की हालत अब स्थिर बतायी जाती है।
