हरिद्वार में अवैध खनन में तीन स्क्रीन प्लांट सीज
हरिद्वार । जिला प्रशासन ने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन प्लांटों को सीज किया है। तीनों पर प्लांटों पर 25 लाख रुपये का जुर्माना लगाए जाने का अनुमान है। जुर्माने को लेकर अधिकारी आकलन कर रहे हैं।
जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय को बिशनपुर फेरुपुर में बुग्गी के माध्यम से स्क्रीन प्लांट में अवैध आरबीएम क्रय किए जाने की शिकायत मिली थी। उन्होंने एसडीएम पूरण सिंह राणा को तत्काल औचक छापेमारी करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने शनिवार तड़के अवैध खनन के विरूद्ध राजस्व और माइनिंग की टीम सहित छापेमारी की बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में लिप्त स्क्रीन प्लांटों को सीज किया।
सर्वप्रथम छापेमारी की टीम बिशनपुर स्थित कृष्णा स्क्रीन प्लांट पहुंची, जहां टीम ने मौके पर पाया कि स्क्रीन प्लांट बुग्गियों से माल ले रही है तथा परिसर के अन्दर से ही आरबीएम निकाला जा रहा है। इसके बाद टीम फेरुपुर रामखेड़ा स्थित शाकुम्भरी स्क्रीन प्लांट पहुंची, जहां टीम ने पूरी जांच-पड़ताल के बाद देखा कि स्क्रीन प्लांट द्वारा बुग्गियों से माल लिया जा रहा है तथा परिसर में जगह-जगह गड्ढे पाए गए। यहां से टीम औचक निरीक्षण करते हुए बिशनपुर कंडी स्थित पंजाब स्क्रीन प्लांट पहुंची, वहां भी टीम ने पाया कि स्क्रीन प्लांट द्वारा बुग्गियों के माध्यम से अवैध खनन का माल लिया जा रहा है, जिसके खिलाफ टीम ने तीनों को सीज कर दिया है।
एसडीएम पूरण सिंह राणा ने बताया कि स्क्रीन प्लांट परिसर में जो माल पाया गया, उसकी नाप करके जुर्माना आरोपित किए जाने के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के सख्त निर्देश हैं कि अवैध खनन किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा।
स्टोन क्रशर पर होगी कार्रवाई
जेसीबी से खनन किए जाने की कहीं से कोई शिकायत नहीं मिली थी। बुग्गी वालों को भी अवैध खनन न करने के लिए सख्त हिदायत दी गई है। इसके बाद भी यदि कोई भी स्टोन क्रशर बुग्गी से अवैध खनन का माल लेता है, तो संबंधित स्टोन क्रशर के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी
