मोहान में बाघ ने पूर्व फौजी को मार डाला

हल्द्वानी। मोहान में फिर बाघ ने एक व्यक्ति की जान ले ली। इस बार 75 वर्षीय पूर्व फौजी को शिकार बनाया है। उनका शव हाईवे से पांच सौ मीटर दूर रामनगर वन प्रभाग की कोसी रेंज के जंगल में मिला है। बाघ ने शव का कुछ हिस्सा खा लिया था। इस घटना के बाद कॉर्बेट व रामनगर वन प्रभाग के कर्मचारियों ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है। बाघ की तलाश भी शुरू कर दी गई है। मंगलवार को क्षेत्र में गश्त कर रहे वन कर्मचारी को एक बुजुर्ग का शव दिखा। इसकी सूचना पर उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। आसपास लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि वृद्ध पिछले कुछ समय से क्षेत्र में घूमते दिखाई दे रहे थे। काफी प्रयास के बाद मृतक की शिनाख्त बहादुर सिंह बिष्ट निवासी मासी चौखुटिया जिला अल्मोड़ा के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि सोमवार रात में बाघ ने वृद्ध पर हमला किया और उन्हें खींचकर जंगल में ले गया। कोतवाल अरुण कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *