आते ही एक्शन में आए कोतवाल
ऋषिकेश। ऋषिकेश कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक खुशी राम पांडे चार्ज संभालते ही एक्शन में आ गए हैं। उन्होंने चौकी प्रभारियों और पुलिसकर्मियों की बैठक लेकर उन्हें कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। स्मैक की तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई के लिए उन्होंने चेकिंग अभियान चलाने के लिए कहा। शनिवार को प्रभारी निरीक्षक खुशी राम पांडे ने कोतवाली में आईडीपीएल, एम्स, घाट, बस अड्डा और श्यामपुर चौकी प्रभारियों की बैठक ली। इस दौरान कोतवाली में तैनात सभी पुलिसकर्मियों को भी तलब किया गया। उन्होंने शिकायत लेकर पुलिस तक पहुंचने वाले लोगों के साथ संयमित व्यवहार करने और समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। वरिष्ठ नागरिकों की शिकायतों पर भी तत्काल एक्शन की ताकीद की। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि यातायात व्यवस्था दुरुस्त करना और नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण पाबंदी लगाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की है। मौके पर एसएसआई दर्शन काला, आईडीपीएल चौकी प्रभारी चिंतामणि मैठाणी, एम्स से मनवर सिंह, श्यामपुर से जगत सिंह, घाट से विनोद कुमार, एसआई हेमलता आदि रहे।
