प्रशिक्षु आईएएस एवं प्रभारी बीडीओ ने शंकरपुर गांव में विकास कार्यों को जांचा
विकासनगर। प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी एवं प्रभारी बीडीओ सहसपुर ने शंकरपुर गांव में निरीक्षण कर विकास कार्यों के बारे में जानकारी जुटाई। इस दौरान बीडीओ ने ग्राम पंचायत के विकास कार्यों के साथ-साथ विधवा, विकलांग और बुजुर्गों की पेंशन के बारे में भी जानकारी ली। पेंशन मामलों में आ रही बाधाओं के बारे में जानकारी लेते हुए उनके निराकरण को लेकर ग्राम प्रधान से चर्चा की। प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी और प्रभारी बीडीओ वरुणा अग्रवाल के ग्राम पंचायत शंकरपुर हकूमतपुर पहुंचने पर ग्राम प्रधान बेबीरानी ने ग्रामीणों के साथ उनका स्वागत किया। इस मौके पर प्रभारी बीडीओ अग्रवाल ने आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत भवन, व्यायामशाला, प्रधानमंत्री की महत्वकांक्षी योजना अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत तालाबों का निर्माण व ग्राम पंचायत की अपनी निजी आय से किये जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों, टीन शेड, सामुदायिक हाल, टाइल्स रोड आदि का निरीक्षण किया। प्रभारी बीडीओ ने गांव में किये जा रहे कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिए जाने का ग्राम प्रधान को निर्देश दिया। कहा कि गांव में जो भी कार्य किये जाएं उन पर खास ध्यान दिया जाय। इससे गांव का विकास हो सके। इसके अलावा बीडीओ अग्रवाल ने मानसिक अस्पताल, ग्राम पंचायत के शिक्षण संस्थान, मशरूम प्लांट आदि का भी निरीक्षण कर उनके बारे में विस्तार से जानकारी ली। इस मौके पर एबीडीओ आशीष बहुगुणा भी मौजूद रहे।
