बुलेट से पटाखे फोड़ने के दौरान हंगामा
ऋषिकेश। श्रीदेव सुमन विवि के कैंपस कॉलेज ऋषिकेश में छात्र महासंघ चुनाव के दौरान हंगामा हो गया। समर्थकों की नारेबाजी के बीच एक युवक ने पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में बुलेट से पटाखे फोड़ने शुरू कर दिए। कान फोडू पटाखे फोड़ने पर पुलिसकर्मियों ने बुलेट को कब्जे में लेकर युवक को धर लिया। इसका पता समर्थकों को चला, तो वह भी मौके पर आ धमके। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए बुलेट ले जाने से पुलिसकर्मियों को रोकने का प्रयास किया। हो-होल्ले में समर्थकों की नारेबाजी के बीच पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू हो गई। पुलिस ने सख्ती दिखाकर हंगामे को नियंत्रित किया। पुलिस अधिकारी ने बुलेट का साइलेंसर हटवाने को कहा। इसके बाद संबंधित युवक के साथ एक पुलिसकर्मी को मकेनिक की दुकान तक साइलेंसर हटवाने के लिए भेजा गया। हालांकि, नियम के उल्लंघन पर पुलिस ने बुलेट को सीज नहीं किया।
