बर्फबारी से जौनसार बावर में 15 घंटे बिजली आपूर्ति रही बाधित

विकासनगर। बर्फबारी से जौनसार बावर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति करने वाली 33 केवी लाइन में फॉल्ट आ गया, जिससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति शुक्रवार रात दस बजे से बाधित हो गई। जिसके चलते क्षेत्र के सैकड़ों गांवों के ग्रामीणों को कड़ाके की सर्दी में परेशानी उठानी पड़ रही है। शनिवार दोपहर करीब दो बजे आपूर्ति सुचारु हो पाई।
बिजली लाइन में फॉल्ट आने से क्षेत्र के चकराता, सहिया, कालसी, सावडा और त्यूणी क्षेत्र के सभी फीडरों से जुड़े 250 से अधिक गांवों और कस्बो में बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे बर्फबारी और कड़ाके की सर्दी में लोगों को भारी परेशानी हुई। स्थानीय निवासी व्यापार मंडल अध्यक्ष केशर सिंह चौहान, पूर्व कैंट उपाध्यक्ष पंकज जैन, पूर्व सदस्य कैंट आनंद राणा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जैन, तीर्थ कुकरेजा, देवेंद्र चौहान, बिट्टू चौहान, राजकुमार मेहता आदि का कहना है कि बिना बिजली के लोगों पानी के लिए भी परेशान होना पड़ा। साथ ही चकराता आए पर्यटकों को भी इससे कठिनाई हुई। साथ ही व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में चकराता के लिए दो बिजली लाइनें कार्य कर रही हैं, लेकिन थोड़ा मौसम खराब होते ही आपूर्ति ठप हो जाती है, जिससे लोग परेशान होते हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से इस ओर ध्यान देने की मांग की है। बिजली लाइन में फॉल्ट आने से चकराता छावनी क्षेत्र सहित पुरोड़ी, क्वासी, मंझगांव, समोग, जाखाधार, लागापोखरी, मागटी, टुंगरा, ठाणा, मोहना, रावना, सावरा, सुजऊ, मयरावना, पाटी, बुरास्वा, बंगोती, हयो, टगरी, मिंडाल, कुराड़, खनाड़, सिचाड़, जाड़ी, सिजला, कोरवा, कोटी, कनासर, लोखंडी, लोहारी, लावड़ी, दतरोटा, ओली, बुरास्वा, छुटऊ, चोर कुनावा, बिरमऊ, नगऊ, निथला, बिसोई, आदि सैकड़ों गांवों में बिजली गुल रही।
उधर, ऊर्जा निगम के एसडीओ अशोक कुमार ने बताया कि 33 केवी की दोनों लाइनों में बर्फबारी के चलते सहिया और अन्य जगह खराबी आई है। बर्फबारी और बारिश के चलते खराबी दूर करने में समय लगा। बावजूद इसके शनिवार दोपहर दो बजे तक आपूर्ति बहाल कर दी गई।
सेलाकुई में 9घंटे ठप रही बिजली आपूर्ति
विकासनगर। सेलाकुई नगर पंचायत क्षेत्र में शुक्रवार रात दो बजे से शनिवार सुबह 11 बजे तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रही। बिजली आपूर्ति ठप होने से शनिवार पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई। यह अलग बात है कि दो दिन पूर्व ही ऊर्जा निगम अधिकारियों ने कटौती पर पूरी तरह से रोक लगाने का दावा किया था। जौनसार बावर और हिमाचल प्रदेश की पहाड़ियों पर बर्फबारी के बाद पछुवादून का मैदानी क्षेत्र पूरी तरह से शीतलहर की चपेट में आ गया है। शुक्रवार रातभर पूरे क्षेत्र बारिश होती रही, जिससे ठंड में इजाफा हुआ। कड़कड़ाती ठंड में ऊर्जा निगम का सितम सेलाकुई के बाशिंदों पर भारी पड़ रहा है। शुक्रवार देर रात दो बजे गुल हुई बिजली शनिवार सुबह 11 बजे बहाल हुई। जिससे लोगों को ठिठुरती ठंड में परेशानी झेलनी पड़ी। सुबह घने कोहरे और ठंड के बीच लोगों को पीने के पानी के लिए एनएच पर लगे हैंडपंप पर जाना पड़ा। बिजली गुल रहने से लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हुई। स्थानीय व्यापारी चैतन्य अनिल गौड़, विजयपाल बर्त्वाल, सतविंदर सिंह ने बताया कि ऊर्जा निगम के अधिकारी हर बार अघोषित कटौती पर रोक लगा दिए जाने की बात कहते हैं, लेकिन हर रोज चार से पांच घंटे बिजली कटौती की जा रही है। उधर, ऊर्जा निगम के एसडीओ अतोल रावत ने बताया कि बारिश के कारण लाइन में फॉल्ट गया था, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हुई। शनिवार सुबह 11 बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *