यात्रा से पूर्व दुरुस्त हों व्यवस्थाएं: एसडीएम
चमोली। सोमवार को एसडीएम हिमांशु कफल्टिया ने यात्रा तैयारियों के लिए विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान एसडीएम ने तहसील क्षेत्र में पड़ने वाले पड़ावों में सभी तैयारियों को पूरा करने के निर्देश दिए। तहसील सभागार में आयोजित बैठक में एसडीएम ने नगर पालिका को नगर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए कहा। साथ ही यात्रा काल में वाहन पार्किंग की जानकारी भी जुटाई। वहीं शौचालयों और अन्य में साफ सफाई बरतने के निर्देश दिए। जबकि लोनिवि, पीएमजीएसवाई, एनएच से सड़कों के डेंजर जोन को चिह्नित करने और सुरक्षा के उपाय करने के लिए कहा। एसडीएम ने मुख्य मार्गों के बंद होने पर वैकल्पिक मार्गों को भी दुरुस्त रखने के लिए कहा। वहीं जलसंस्थान और निगम से यात्रा मार्ग और पड़ावों पर पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। बैठक में तहसीलदार सुरेंद्र सिंह देव, लोनिवि के एई दिनेश गिरीराज, एनएच के डीएस चौहान, प्रिंस कुमार, अंकित कुमार, यूपीसीएल के तबरेज आलम, जलनिगम के कैलाश नौटियाल, जीएमवीएन के अरून तिवारी, नगर पालिका के नितिन सती सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
