दहेज उत्पीड़न, मारपीट, तीन तलाक व छेडखानी का मुकदमा दर्ज
विकासनगर। सहसपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक महिला ने अपने माजरा पटेलनगर निवासी ससुरालियों के खिलाफ तहरीर दी है। महिला ने तहरीर में बताया कि उसका पति, सास, ससुर सहित पारिवार के सभी सात सदस्य उसका दहेज के लिए उत्पीड़न कर मारपीट करते हैं। पति ने उसे तीन तलाक दे दिया है। जबकि जेठ ने उसके साथ छेड़खानी करता है। महिला की तहरीर पर ससुरालियों के खिलाफ पुलिस ने मारपीट, दहेज उत्पीड़न, छेड़खानी व तीन तलाक का मुकदमा दर्ज कर दिया है। सहसपुर निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी माजरा पटेल नगर निवासी मो. सलमान से कुछ समय पूर्व शादी हुई थी। शादी के बाद से ही पति मो. सलमान पुत्र मो. अजीज, सास रुखसाना परवीन, ससुर मो. अजीज, जेठ इमरान, कैफ, तब्बसुम व सोबी सभी निवासी प्रधानवाली गली माजरा थाना पटेलनगर देहरादून दहेज के लिए उत्पीड़न कर मारपीट करते हैं। बताया कि आरोपी उसको गाली-गलौज करने के साथ ही मारपीट करते हैं। यही नहीं जेठ ने उसके साथ बदनीयती से कई बार छेडखानी की है। कहा कि दहेज न लाने पर पति ने उसे तीन तलाक दे दिया है, जिससे उसका जीवन बर्बाद हो गया है। कहा कि अभी तो मायके में रह रही है, लेकिन पूरी जिंदगी कैसे मायके में रह सकती है। आरोपियों ने उसे ससुराल आने पर जान से मारने की धमकी दी है। थानाध्यक्ष गिरीश नेगी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी, दहेज उत्पीडन, गाली गलौज व तीन तलाक व जेठ के खिलाफ छेड़खानी का भी मुकदमा दर्ज कर दिया है। मामले की जांच एसआई रश्मि रावत को सौंप कर जांच शुरू कर दी है।