केदारनाथ पैदल मार्ग से बर्फ हटाने में मौसम डाल रहा खलल
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ पैदल मार्ग पर लोनिवि डीडीएमए द्वारा बर्फ हटाने का काम जारी है। हालांकि लगातार खराब मौसम केदारनाथ पैदल मार्ग से बर्फ हटाने में खलल डाल रहा है। शुक्रवार को भी मौसम ने मजदूरों के हाथ रोक दिए। बर्फबारी के कारण मजदूरों का काम प्रभावित हुआ। ठीक एक महीने बाद भगवान केदारनाथ धाम की यात्रा शुरू हो जाएगी। 25 अप्रैल को बाबा केदार के कपाट देश-विदेश के तीर्थयात्रियों के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। इस लिहाज से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागों को यात्रा तैयारियों को युद्ध स्तर पर करने के निर्देश दिए हैं किंतु लगातार बारिश और बर्फबारी से यात्रा तैयारियों में मुश्किलें पैदा हो रही है। लोनिवि डीडीएमए ने पूर्व में केदारनाथ पैदल मार्ग पर घोड़े-खच्चरों की आवाजाही करा दी थी किंतु बीते कुछ दिनों से हो रही बर्फबारी से पैदल मार्ग पर घोड़े-खच्चरों की आवाजाही बंद हो गई है। केदारनाथ, लिंचौली, भीमबली आदि स्थानों से मजदूर लगातार बर्फ हटाते हुए रास्ता तैयार कर रहे हैं किंतु लगातार हो रही बर्फबारी से मजदूरों के हाथ रुक रहे हैं। शुक्रवार को भी दोपहर बाद मौसम खराब हो गया जिससे भैरव और कुबेर ग्लेशियर में काम करने वाले मजदूरों को कैंपों में जाना पड़ा। वहीं सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी मौसम ठीक होने पर ही बर्फ हटाने का काम किया जा रहा है। डीडीएमए के ईई प्रवीण कर्णवाल ने बताया कि यदि मौसम अच्छा रहा तो महज तीन दिन में पैदल मार्ग पर घोड़े खच्चरों की आवाजाही शुरू करा दी जाएगी। बर्फ हटाने का कार्य नियमित जारी है किंतु बर्फबारी से कुछ दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने बताया कि जहां रेलिंग टूटी है उन्हें ठीक किया जा रहा है।
