मेयर गामा की संपत्ति पिछले साढे़ चार सालों में 10 गुना बढ़ी, सरकार नहीं कर रही कोई कार्रवाईः गोगी

देहरादून,

 

मेयर सुनील उनियाल गामा की संपत्ति साढे़ चार वर्ष के भीतर 10 गुना होने पर कांग्रेस ने एक बार फिर से मोर्चा खोल दिया है। यहां कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से रूबरू होते हुए महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डाक्टर जसविन्दर सिंह गोगी ने कहा है कि मेयर सुनील उनियाल गामा की पिछले साढे़ चार सालों में उनकी संपत्ति 10 गुना बढ़ी है लेकिन कई बार शिकायतें होने के बाद भी सरकार एवं शासन प्रशासन किसी भी प्रकार की कोई कार्यवाही नहीं कर रहा है। वहीं विजिलेंस में शिकायत के बावजूद भी कार्यवाही नहीं हो पा रही है जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि एक बार फिर से इस मामले की विजिलेंस से जांच किये जाने सहित नगर निगम की अनेक समस्याओं के समाधान के लिए कल 12 अप्रैल को रैली निकालकर नगर निगम का घेराव किया जायेगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम में पिछले कई वर्षों से समस्याओं को उठाया जा रहा है लेकिन उनका समाधान नहीं हो रहा है। मलिन बस्तियों को मालिकाना हक नहीं मिल पाया है। वर्ष 2018 में नगर निगम में 40 नये वार्ड जोडे़ गये और उसमें 10 वर्ष तक किसी भी प्रकार का टैक्स न लिये जाने की घोषणा तत्कालीन मुख्यमंत्री ने की थी, लेकिन आज उनमें भी टैक्स लिया जा रहा है जिसका पुरजोर विरोध किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने मास्टर प्लान में रिस्पना व बिन्दाल नदी पर ऐलिवेटेड रोड बनाने की बात कही है ऐसे में मलिन बस्तियों का कैसे विकास होगा और यह सोचने वाली बात है। दूसरी ओर सरकार कह रही है कि इन बस्तियों का पुनर्वास करेंगे, यह कैसे संभव है। उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी व करनी में बहुत अंतर है और लगातार भाजपा की जन विरोधी नीतियों का पुरजोर विरोध किया जायेगा। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की मुख्य प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने कहा है कि भाजपा जिस प्रकार से कपड़ों की तरह सीएम को बदलती है उनके पुराने वायदों को निरस्त करते हैं। उन्होंने कहा कि मेयर सुनील उनियाल गामा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की कई शिकायतें होने के बावजूद भी आज तक सरकार, संगठन एवं शासन प्रशासन ने किसी भी प्रकार की कोई कार्यवाही नहीं की है। उन्होंने कहा कि इस मामले में सरकार की चुप्पी क्या दर्शाना चाहती है।इस अवसर पर वार्ता में अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *