प्रिंट रेट से अधिक दवा बेचने पर भड़के तीमारदार, हंगामा
मुरादाबाद
दवा के तय दामों से अधिक रुपए वसूलने पर तीमारदार भड़क गए। उन्होंने दाम अधिक होने की बात कही तो मेडिकल स्टोर संचालक ने दवा वापस ले ली। इस पर भड़के तीमारदार ने हंगामा करना शुरू कर दिया। उसने मेडिकल स्टोर संचालक पर तीमारदारों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। हंगामा बढ़ने पर सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने किसी तरह से मामले को शांत कराया।
महामारी के दौर में जीवन रक्षक दवाओं की जमकर कालाबाजारी हो रही है। तय दामों से कई गुना अधिक रकम वसूली जा रही है। आक्सीजन सिलेंडर की कालाबाजारी से तो हर कोई वाकिफ है। कहने को कालाबाजारी पर शिकंजा कसने के लिए कंट्रोल रूम खोला गया है, लेकिन हालात तस के तस हैं। मनमाने दाम वसूलने का एक ऐसा ही मामला सिविल लाइंस क्षेत्र में नजर आया। पीलीकोठी के पास एक नामचीन मेडिकल स्टोर हैं। गुरहट्टी निवासी एक युवक मेडिकल पर दवा लेने को आया। बताते हैं कि जब मेडिकल स्टोर स्वामी ने बिल बनाया तो वह करीब 1600 रुपए का था। इस पर युवक ने विरोध किया। उसका कहना था कि दवाएं 11 सौ से अधिक की नहीं है। लगातार वह दवाएं अन्य मेडिकल स्टोर से ले भी रहे हैं। इस पर उनके बीच कहासुनी हो गई। इस पर मेडिकल स्टोर स्वामी ने उसे डपटते हुए दवा वापस ले ली। इस पर युवक भड़क गया और हंगामा करने लगा। वहां मौजूद अन्य तीमारदारों ने भी दवा के अधिक दाम वसूलने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। इतना ही नहीं युवक ने पुलिस-प्रशासनिक अफसरों से शिकायत करने तक की धमकी दे डाली। इस बीच पीलीकोठी पर तैनात पुलिस कर्मी के अलावा सिविल लाइंस पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उसने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस ने बताया कि किसी भी पक्ष द्वारा तहरीर नहीं दी गई है।
