बल्लूपुर में चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन
देहरादून। दून की पहली व्यवसायिक चित्रकला गैलरी चित्रा इंटरनेशनल में पांच मई तक चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। अपनी चित्रकला के अपने जुनून को सार्थक करने के लिए इसके संस्थापक अरविंद गैरोला ने नौकरी छोड़कर अल्कापुरी बल्लुपुर में आर्ट गैलरी स्थापित करने के अपने सपने को पूरा किया है। उन्होंने बताया कि आर्ट गैलरी में 55 देशों के कलाकारों का समन्वय है। उड़ीसा के कला निर्वाण इंटरनेशनल के सौजन्य से इसे स्थापित किया गया है। कला निर्वाण के संस्थापक आशीष पाही इस कला प्रस्तुति के क्यूरेटर भी हैं। उन्हें इस क्षेत्र में 15 साल का अनुभव है। अरविंद ने बताया कि आर्ट गैलरी का लक्ष्य उभरते हुए कलाकारों को मंच प्रदान करना है ताकि उत्तराखंड में विश्वस्तरीय कलाकार तैयार हो सकें।
