आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से ज्यादा कार्य करवा रही सरकार

ऋषिकेश। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने सरकार पर उन्हें अत्यधिक कार्य की जिम्मेदारी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने सीएम को ज्ञापन भेज अन्य विभागीय कार्यों की जिम्मेदारी के दौरान आंगनबाड़ी के कार्यों से मुक्त रखने की मांग की। शनिवार को उत्तराखंड राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। संघ की जिला उपाध्यक्ष सुनीता राणा ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ड्यूटी अपने विभाग के कार्यों के अलावा निर्वाचन एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से डेंगू नियंत्रण एवं रोकथाम हेतु घर-घर में सर्वे के कार्य में लगा दी गई है। एक ओर विभागीय कार्यों का अत्यधिक भार है ऊपर से कई योजनाओं के ऑनलाइन ऑफलाइन फॉर्म भी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भरने पड़ते हैं। इसके साथ ही वे बीएलओ का भी कार्य कर रही हैं और डेंगू नियंत्रक रोकथाम का कार्य करने में सभी कार्यकत्रियां असमर्थ है। जिससे आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानसिक स्वास्थ्य खराब हो रहा है। ऐसे में सरकार के विभिन्न विभागों के कार्यों में व्यस्त होने से वे अपने घर परिवार के लिए बिल्कुल भी समय नहीं निकाल पा रही हैं। कहा कि जब तक आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को अन्य विभागों के कार्यों करने हैं, तब तक उन्हें अपने विभागीय कार्य से मुक्त किया जाए। ज्ञापन देने वालों में भागीरथी भट्ट, रागनी रावत, मंजू, सीमा आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *