पेट्रोल पंप पर खड़े ट्रक से डीजल चुराया
रुड़की। तीन चार लोगों ने पेट्रोल पंप पर खड़े ट्रक से डीजल चोरी कर लिया। तभी ट्रक का मालिक वहां पहुंचा, तो वे कार से फरार हो गए, लेकिन ट्रक मालिक ने कार का नंबर नोट कर लिया। पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार के नंबर से चोरों की पहचान कर रही है। कस्बे से सटे शेखपुरी गांव के कपिल कुमार पुत्र प्रताप सिंह के पास एक ट्रक है, जिससे वह माल की ढुलाई करता है। गत दिवस काम न होने के कारण उसने अपने ट्रक करे लक्सर हरिद्वार हाईवे पर सुल्तानपुर के पास एक पेट्रोल पंप पर खड़ा किया, और घर आ गया। रविवार को उसे लक्सर से ट्रक में माल लादना था। रविवार सुबह वह ट्रक लाने के लिए पेट्रोल पंप पर पहुंचा, तो वहां तीन चार लोग ट्रक की ईंधन की टंकी से डीजल निकालकर केन में भरते मिले। कपिल ने शोर मचाया, तो वे वहीं खड़ी अपनी कार में बैठकर फरार हो गए। तब तक शोर सुनकर इकट्ठा हुए लोगों ने काफी दूर तक उनका पीछा किया, लेकिन चोर हाथ नहीं लगे। जबकि इस दौरान कपिल ने कार का नंबर नोट कर लिया। कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। कार के नंबर से चोरों की पहचान की जाएगी।
