जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव, 65 प्लस का लक्ष्य लेकर उतरेगी भाजपा
लखनऊ
गांव की सरकार की पहली पायदान यानी ग्राम प्रधान तथा ग्राम पंचायत सदस्य के बाद अब ब्लाक प्रमुख के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव होना है। इसमें भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव को शीर्ष वरीयता पर रख रही है। भाजपा का लक्ष्य 75 में से 65 से अधिक जिलों में अपने अध्यक्ष बनाने का है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पर शनिवार रात को भाजपा की कमेटी की बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष के पद को लेकर अहम फैसला होने के साथ जिलेवार उम्मीदवारों पर भी विचार किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश के 65 से अधिक जिलों में अपना अध्यक्ष बनाने का लक्ष्य लेकर उतरेगी। कोर कमेटी की बैठक में संभावित उम्मीदवारों पर चर्चा के अलावा जीत को सुनिश्चित करने की कार्ययोजना पर विचार किया गया। इसके साथ ही नरेंद्र मोदी सरकार की सातवीं वर्षगांठ पर चल रहें विभिन्न कार्यक्रमों को सफल बनाने पर जोर दिया गया।
