सौंदर्यीकरण को लेकर उपाध्यक्ष से मिले व्यापारी
हरिद्वार। शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर व्यापारियों ने एचआरडीए के उपाध्यक्ष अंशुल सिंह से मुलाकात की। उन्होंने सूखी नदी से देवपुरा तक जर्जर हेरिटेज पोल की मरम्मत, पार्कों के सौंदर्यकर्ण एवं नए पार्क, ड्रेनेज समस्या को लेकर ज्ञापन सौंपा। महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने बताया कि कुछ हेरिटेज पोल जर्जर हो रहे है तो किसी की लाइट बंद पड़ी है। भीमगोड़ा पर एक पोल गिरा हुआ है उन्हे सही किया जाए। व्यापारियों ने आगामी बोर्ड बैठक में प्राधिकरण द्वारा स्वीकृत और रेगुलाइज कालोनियों में पानी की ड्रेनेज कंट्रोल समस्या को प्रमुखता से रखते हुए नालियों नालों के निर्माण, बंद पड़ी नालियों को खुलवाने के लिए योजना बनाने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में महानगर अध्यक्ष जितेंद्र चोरसिया, महामंत्री नाथीराम सैनी,कोषाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल,उपाध्यक्ष उमेश चौधरी, मनोज ठाकुर, उपाध्यक्ष सुनील मनोचा, सोनू चौधरी उपस्थित रहे।
