छात्र-छात्राओं को यातायात के नियमों की जानकारी दी
ऋषिकेश। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान प्राधिकरण के सचिव एवं जज हर्ष यादव ने छात्र-छात्राओं को कानून और अधिकारों से अवगत कराया। उन्होंने अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए यातायत नियमों की भी जानकारी दी। सवाल-जवाब में उन्होंने अव्वल छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया। श्यामपुर स्थित कॉलेज में गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में सचिव हर्ष यादव ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा, दुर्घटना से बचाव और यातायात नियमों की जानकारी दी। ट्रैफिक नियमों से अवगत कराते हुए बताया कि नाबालिगों के वाहन चलाते हुए पकड़ जाने पर 25 हजार रुपये के जुर्माने का प्रावधान है। लिहाजा, नाबालिग की सुरक्षा और अर्थदंड से बचने के लिए अभिभावकों को भी जागरूक होना जरूरी है। उन्होंने हेलमेट, सीट बेल्ट और वाहन चलाते हुए मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करने आदि महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी। परिवहन कर अधिकारी अनिल कुमार ने भी छात्र-छात्राओं को ज्ञानवर्धन करते हुए उन्हें अहम नियमों के साथ आवश्यक जानकारियों से अवगत कराया। वहीं, कार्यक्रम में सवाल-जवाब में विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इनमें विशाल, आरुषि, पूनम राणा,ज्योति और मीना आदि शामिल रहे। मौके पर प्रधानाचार्य डॉ. बालेश्वर सिंह यादव, प्रवक्ता राकेश उनियाल, महेंद्र डबराल, सूरजमणी सिलस्वाल, मीनाक्षी कपरूवान, विभा नामदेव, मधुश्री, ममता रमोला, रजनी शर्मा आदि मौजूद रहे।
