कोटी कनासर और क्वांसी में आज से होगा 18 प्लस का वैक्सीनेशन
विकासनगर
क्षेत्रवासियों की मांग पर स्वास्थ्य विभाग ने क्वांसी और कोटी कनासर स्वास्थ्य केन्द्र पर वैक्सीनेशन कार्य प्रारम्भ करा दिया है। शुक्रवार से दोनों केन्द्रों पर 18 से 44 आयुवर्ग के लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। सीएचसी चकराता के प्रभारी डॉ. केसर चौहान ने बताया कि क्षेत्र की दुर्गम परिस्थितियों को देखते हुए 18 प्लस के वैक्सीनेशन के लिए अन्य केंद्र बनाने के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा गया था। जिसपर सीएमाअे कार्यालय से आज क्वांसी और कोटी कनासर में वैक्सीनेशन शुरू कराने का आदेश मिला है। शुक्रवार से दोनों केन्द्रों पर 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। डॉ. चौहान ने बताया कि सम्पूर्ण ब्लॉक क्षेत्र में वैक्सीनेशन कार्य जोर शोर से किया जा रहा है। करीब 90 प्रतिशत लोगों को वैक्सीन की प्रथम डोज लगाई भी जा चुकी है। उन्होंने वैक्सीन लगाने से वंचित लोगों से जल्द ही टीका लगवाने की अपील की है। साथ ही, लोगों से संक्रमण से बचाव को सतर्क रहने का आह्वान भी किया है।
