गंगानगर वासियों का नगर निगम में प्रदर्शन
ऋषिकेश
गंगानगर के लोगों ने नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर क्षेत्र में जल भराव की समस्या से निजात के लिए स्थायी समाधान न होने पर आक्रोश जताया। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से जल्द जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग उठाई। चेताया कि समस्या का निदान न किया तो आंदोलन किया जायेगा। सोमवार को गंगानगरवासियों ने नगर निगम परिसर में पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि कुछ साल पूर्व एक नाला बनखंडी गुल्हाटी प्लाट होते हुए शान्तिनगर से बहता था, इसे शान्तिनगर के कुछ लोगों ने बंद कर दिया। इस बरसाती नाले का पानी गुल्हाटी प्लाट होते हुए निरंकारी भवन के बराबर से गंगानगर, हनुमन्तपुरम गली नंबर एक से लेकर गली नंबर 9 तक अधिकांश घरों में पानी घुस रहा है। इससे लगभग 250 परिवारों का घरेलू सामान, खाद्य सामग्री, वाहन आदि लाखों रुपये का सामान खराब हो गया। बारिश होने पर लोग सहम जाते हैं। बीते दो माह लोगों को भारी परेशानियां झेलन पड़ी। स्वयं लोगों द्वारा अपने खर्चे पर पम्पों से पानी निकलवाया गया। इसका स्थायी समाधान निकाला जाना नितांत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सोमेश्वर मन्दिर मार्ग, सोमेश्वर मन्दिर के नीचे से संत निरंकारी भवन से शान्तिनगर होते हुए परशुराम चौक तक सड़क को छिलवा कर पुरानी चुंगी की ओर ढलान बनवाया जाए। यहां सीवर और पानी की लाइन को भी गहरा करने की आवश्यकता है। सड़क के दोनों साइड बड़ी नाली बनाकर इसे हरिद्वार रोड चुंगी वाले बड़े नाले से जोड़ा जाए तथा बन्द नाले को खुलवाया जाए। हनुमंतपुरम गली नंबर 2 की सड़क को ऊपर उठाकर सड़क के दोनों साइड नाली बनवायी जाए। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने नगर आयुक्त को ज्ञापन भी सौंपा।
प्रदर्शन करने वालों में पार्षद उमा राणा, पार्षद अनिता रैना, बृजपाल राणा, प्यारेलाल जुगलान, आशीष कुमार, आरडी गौनियाल, शैलेंद्र भंडारी, एमपी सिंह, रामरतन शर्मा, प्रेमदत्त, ग्रीस सकलानी, सुरेंद्र सिंह कैंतुरा, विशंबर दत्त सेमवाल, संजय, भारत भूषण बाली, राजेंद्र कृषाली, चंद्रभान असूजा, रमेश अरोड़ा, दिव्यांशु नेगी, दिनेश चंद्र, मनोज काला आदि शामिल रहे।
