कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया नपं कार्यायल पर  प्रदर्शन

विकासनगर

नगर पंचायत क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगाए जाने में अनियमितता बरतने, खास लोगों के घरों के सामने ही लाइट लगाए जाने और आम जनता की समस्याओं का निस्तारण नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा काटा। नगर पंचायत कार्यालय पर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने निकाय प्रशासन और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन भी किया। कार्यकर्ताओं का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अमित पंवार ने कहा कि पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में इन दिनों स्ट्रीट लाइट लगाई जा रही हैं। लेकिन कुल चार सौ स्ट्रीट लाइट लगाने में निकाय प्रशासन अनियमितता बरत रहा। भाजपा नेताओं के दबाव में ऐसी जगह पथ प्रकाश की व्यवस्था की जा रही है, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं के आवासीय भवन हैं। भाजपा नेताओं के घर को जाने वाले रास्तों को भी जगमग किया जा रहा है। जबकि आम बस्तियों में अभी भी अंधेरा पसरा हुआ है। जिन बस्तियों में मजदूर रहते हैं, वहां अभी तक एक भी स्ट्रीट लाइट नहीं लगाई है। कहा कि विरोध करने पर भाजपा कार्यकर्ता इसे विधायक निधि से की गई व्यवस्था बताते हुए कुछ चिह्नीत बस्तियों में ही लगाया जा रहा है। बताया कि हरिपुर, बहादरपुर, कश्यप मोहल्ला, जमनपुर, रोजा रोड, गोरखा बस्ती में अभी भी अंधेरा पसरा हुआ है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही अन्य सुविधाएं भी उन्हीं बस्तियों में विकसित की जा रही हैं, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं के आवास हैं। आरोप लगाया कि पूरे शहर में गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जबकि कुछ आवासीय बस्तियों से हर दिन कूड़ उठाया जा रहा है। कहा कि निकाय प्रशासन भाजपा नेताओं के दबाव में कार्य कर रहा है। कहा कि निकाय प्रशासन का यही रवैया रहा तो कार्यालय पर तालाबंदी कर दी जाएगी। हंगामा और प्रदर्शन करने वालों में अमित नेगी, सुशील कुमार, अशोक नेगी, अरशद खान, साजिद अहमद, चरण सिंह, जसवीर राणा, जितेंद्र गुप्ता, हरीश बिष्ट, संजीव उपाध्याय आदि शामिल रहे।
कोट
निकाय क्षेत्र की सभी बस्तियों और संपर्क मार्गों पर पथ प्रकाश की व्यवस्था की जा रही है। अन्य मूलभूत सुविधाएं भी प्राथमिकता के आधार बस्तियों में विकसित की जा रही हैं। विकास कार्यों में किसी भी तरह का कोई दबाव नहीं है।   -एमएल शाह, अधिशासी अधिकारी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *