विवि स्थापना के आंदोलनकारियों की अनदेखी पर जताई नाराजगी
श्रीनगर गढ़वाल
हेमवती नंदन बहुगुणा गढवाल विश्वविद्यालय में एक दिसम्बर को आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह में विवि स्थापना में अपना अह्म योगदान देने वाले आन्दोलनकारियों और पुरातन छात्रों की अनदेखी पर नाराजगी जाहिर की। पत्रकारों से वार्ता करते हुए पूर्व पालिका अध्यक्ष मोहन लाल जैन, भाजपा के वरिष्ठ नेता अतर सिंह असवाल व कुशलानाथ ने एक संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि गढ़वाल विवि द्वारा अपनी स्वर्ण जयंती पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। लेकिन विवि प्रशासन द्वारा विवि की आंदोलन में अह्म भूमिका निभाने वाले गढ़वाल विवि के स्थापना के समय स्टूडेंट यूनियन के लीडर और आईडीपीएल से सीनियर मैनेजर के पद से सेवानिवृत्त विक्रम सिंह चौहान, कमला घिल्ड़ियाल, ऋषिबल्लभ सुन्दरीयाल, देवप्रयाग के प्रेमलाल वैद्या का सम्मान न कर उनकी अवहेलना की है। कहा कि इन सभी का गढ़वाल विवि के आदोलन में विशेष योगदान रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि गढ़वाल विवि ने पुरातन छात्रों का भी सम्मान समारोह आयोजित किया, उसमें भी यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, सांसद तीरथ सिंह रावत व कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत, दून विवि की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, डीआईजी योगेंद्र सिंह रावत सहित कई अन्य बड़ी हस्तियाँ गढ़वाल विवि के छात्र रहें हैं। उनका भी गढ़वाल विवि को सम्मान किया जाना था।
