थर्टी फर्स्ट के चलते रानीखेत में बढ़ी जाम की दिक्कत
अल्मोड़ा
पर्यटन नगरी में जाम की समस्या लाइलाज बनकर रह गई है। नगर में हर पल लगते जाम से लोग परेशान होकर रह गए हैं। इन दिनों थीर्टी फर्स्ट के जश्न मनाने के लिए बाहर से पर्यटक पहुंचे हैं। भीड़ भाड़ अधिक होने के कारण नगर में प्रतिदिन जाम लग रहा है। नगर में कई दुकानों के आगे चार पहिया वाहनों को लॉक कर वाहन स्वामी नदारद हो जाते हैं, जिस कारण जाम लग जाता है। नगर में जाम से बचने के लिए पुलिस प्रशासन ने वन वे की व्यवस्था भी की है। यह भी नाकाफी साबित हो रही है। कैंट ने कई पार्किंग स्थल भी बनाए हैं लेकिन उनका उपयोग भी दोपहिया वाहन चालक करते नहीं दिखाई देते। जाम के कारण व्यापारी परेशान रहते हैं और राहगीरों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। शुक्रवार को भी दिन भर कई बार बाजार में जाम लगा रहा। एक तो सड़क संकरी उस पर दोनों तरफ से दोपहिया और चार पहिया वाहन खड़े कर दिए जाते हैं। स्थानीय लोगों ने जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
