निगम ने टीम ने अतिक्रमण हटाया
रुद्रपुर। रुद्रपुर नगर निगम ने इन दिनों अतिक्रमण करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। इसके लिए नगर निगम ने लोगों को सूचित करने के बाद उनके अवैध अतिक्रमण और कब्जे को ध्वस्त और जब्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में नगर निगम की टीम ने रुद्रपुर मुख्य बाजार और सब्जी मंडी से 10 लोगों के अतिक्रमण को हटाया है। सहायक नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने कहा बीते मंगलवार को मुख्य बाजार और सब्जी मंडी सहित कई स्थानों पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर रहे लोगों को लाउड स्पीकर की मदद से हटाने को कहा था। गुरुवार को अधिकतर लोगों ने अपने अतिक्रमण को रास्तों और फुटपाथ से हटा लिया था। मुख्य बाजार के कुछ लोगों ने फुटपाथ पर अपनी दुकानें सजाई थी। सब्जी मंडी में कई अस्थायी दुकानदारों ने अपने अतिक्रमण को नहीं हटाया। उन्होंने बताया नगर निगम की टीम ने पांच लोगों का मुख्य बाजार और पांच लोगों का सब्जी मंडी से अतिक्रमण जब्त करने की कार्रवाई की है। अब शुक्रवार को अतिक्रमण स्वामियों को अपने सामान के चालान की राशि जमा करनी होगी। इसके बाद ही उनका सामान छोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण करियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
