सफाई व्यवस्था चरमराई
ऋषिकेश
नगर निगम ऋषिकेश के एक दर्जन से अधिक कूड़ा वाहनों पर अज्ञात लोगों ने हमलाकर शीशे तोड़ डाले। निगम प्रशासन ने चौकीदार को निलंबित कर अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। सीसीटीवी खंगालने के बाद पुलिस ने मानसिक रूप से विक्षिप्त एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया है। इस घटना के बाद गुरुवार को शहर में घरों से कूड़ा उठाने का काम भी प्रभावित रहा। बीती बुधवार मध्यरात्रि को नगर निगम परिसर में खड़ी करीब 14 कूड़ा उठाने वाली गाडिय़ों के अज्ञात लोगों ने शीशे तोड़ दिए। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह मिली जब सफाई कर्मचारी डयूटी पर पहुंचे। इसके बाद निगम प्रशासन ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। नगर आयुक्त नरेंद्र सिंह क्वीरियाल ने बताया कि कूड़ा वाहनों के शीशे टूटने से कूड़ा उठान कार्य प्रभावित हुआ है। इंश्योरेंस कंपनी के कर्मचारियों के सर्वे करने के बाद दोपहर के समय गाडिय़ों को कूड़ा उठाने के लिए शहर में भेजा गया। बताया कि संबंधित चौकीदार सलेख चंद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं कोतवाल शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि गाडिय़ों के शीशे तोडऩे वाला व्यक्ति मानसिक रूप से विक्षिप्त लग रहा है।
