नशा मुक्ति वाहिनी और आबकारी विभाग की संयुक्त दबिश, जंगल से बरामद हुई शराब
हरिद्वार
नशा मुक्ति वाहिनी समिति नशा तस्करों पर लगातार शिकंजा कस रही है। शुक्रवार को समिति और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्यवाही करते हुए भारी मात्रा में अवैध कच्ची शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री और तैयार शराब को नष्ट किया।
सूचना के आधार पर वेद सिटी के नजदीक छापामारी की गई। टीम को देख नशा तस्कर जंगल की ओर भाग निकले। मौके से 9 ड्रम लाहन, दो पतीले, दो भिगोने, बाल्टियां और एक मग्गा बरामद हुआ। इसके अलावा झाड़ियों से 50 लीटर से अधिक कच्ची शराब से भरी रबर ट्यूब भी मिली। बरामद सभी सामग्री और शराब को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
नशा मुक्ति वाहिनी की उपाध्यक्ष कांता ने कहा कि नशा तस्कर आम जनता के जीवन के लिए खतरा हैं। समिति को लगातार धमकियां मिल रही हैं, लेकिन वे नशे के खिलाफ अपनी जंग जारी रखेंगे। उन्होंने आबकारी विभाग का सहयोग मिलने पर आभार व्यक्त किया।
आबकारी विभाग के एसआई मदन सिंह ने बताया कि कच्ची शराब अत्यधिक खतरनाक होती है और इसकी कोई तय सीमा नहीं होती। इसका सेवन जानलेवा साबित हो सकता है, इसलिए इस पर रोक लगाना बेहद जरूरी है। उन्होंने नशा मुक्ति वाहिनी की सराहना करते हुए विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यवाही के दौरान समिति की उपाध्यक्ष कांता सहित अमरावती, मिथलेश, त्रिमिलेश, भरती, रमेशी, बबली, इन्द्रेश, ममता, भरपाई, कुसुम, मुन्नी, कमलेश, सुक्को, कुन्ता, संजो, पूनम, नीलम, पिंकी, केशो, मंतलेश सहित दर्जनों महिलाएं मौजूद रहीं। वहीं आबकारी टीम में एसआई मदन सिंह चौहान, कांस्टेबल लव शर्मा, अनिरुद्ध और पिंकी शामिल रहे।
