मजदूर संगठनों का अमेरिका और इजरायल के खिलाफ प्रदर्शन
ईरान पर हुए हमले के विरोध में विभिन्न मजदूर एवं सामाजिक संगठनों ने मंगलवार को गांधी पार्क में प्रदर्शन कर अमेरिका और इजरायल के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने दोनों देशों का पुतला फूंका। मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग गांधी पार्क में इकट्ठे हुए। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर मिसाइल हमले किए, जिनमें 50 से अधिक स्कूली बच्चों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए। उन्होंने कहा कि हमलों में स्कूलों व इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा। ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए इजरायल व अरब देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका और इजरायल ने ईरानी नेताओं के आवास को निशाना बनाकर शीर्ष नेता खामेनेई की हत्या कर दी, ताकि ईरान की सत्ता पर नियंत्रण स्थापित कर तेल संपदा पर कब्जा किया जा सके। प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप पर भी तीखी टिप्पणी करते हुए हमले की निंदा की। इस मौके पर इंकलाबी मजदूर केन्द्र के दिनेश, विजय, सुरेन्द्र, सेन्टर फॉर स्ट्रगलिंग ट्रेड यूनियंस के मुकुल, धीरज, विजय, क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन के शिवदेव सिंह, राजेश, देवेन्द्र, प्रगतिशील महिला एकता केन्द्र की रविन्द्र कौर, भाकपा माले के ललित मटियाली, एक्टू की अनीता अन्ना, उत्तम दास, हरीश मौर्य, साजिद खान, मजहर रिजवी आदि रहे।
