ऑलवेदर सडक़ की बदहाली पर कांग्रेस का प्रदर्शन
पिथौरागढ़।
कांग्रेस ने ऑलवेदर सडक़ को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा सरकार ने ऑलवेदर सडक़ के नाम पर अपनी पीठ थपथपाई। लेकिन करोड़ों से बनी यह सडक़ सीमांत के लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। हल्की बारिश में कई दिनों तक बंद हो रही यह सडक़ भ्रष्टाचारी सरकार की पोल खोल रही है। शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष त्रिलोक महर के नेतृत्व में कलक्ट्रेट के बाहर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा करोड़ों से बनी ऑलवेदर सडक़ की पोल पहले मानसूनकाल में खुल गई है। सीमांत के लोगों के लिए यह सडक़ मुसीबत बन गई है। आए दिन सडक़ कई दिनों तक बंद होने से सीमांत के लोग परेशान है। लेकिन सरकार सडक़ के नाम पर अपनी पीठ थपथपा रही है। कई स्थानों पर पहाड़ी दरकने से लोग जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर हैं। बावजूद इसके सडक़ को ऑलवेदर सडक़ का नाम दिया गया है। कहा सडक़ निर्माण के नाम पर घोर लापरवाही बरती गई है, जिसकी जांच होनी चाहिए। कहा जीरो टॉलरेंस की बात करने वाली भाजपा सरकार के शासन में सडक़ निर्माण के दौरान भ्रष्टाचार का खुला खेल खेला गया है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए। चेतावनी देते हुए कहा शीघ्र इसकी उच्चस्तरीय जांच के आदेश जारी नहीं हुए तो कांग्रेस सीमांत के लोगों के साथ सडक़ पर उतरेगी।
