कांग्रेसियों ने उपवास रख लखीमपुर खीरी कांड के दोषियों को सजा दिलाने की मांग की
ऋषिकेश
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। लखीमपुर खीरी जा रही कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी पर प्रदर्शनकारियों ने आक्रोश जताया। उन्होंने उपवास रखकर लखीमपुर खीरी कांड के दोषियों को सजा दिलाने की मांग की।
बुधवार को डोईवाला स्थित कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेसियों ने उपवास रखा। नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों के इशारे पर किसानों पर हमले किए जा रहे हैं। लखीमपुर खीरी में किसानों के बीच जा रही कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के साथ पुलिस बल द्वारा अभद्र व्यवहार कर गिरफ्तार किया जाता है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव सिंह ने कहा कि सरकार किसानों के हत्यारों को गिरफ्तार नहीं कर पा रही है, लेकिन जो पीड़ितों की मदद व उनका हाल जानने जा रहा है, उसे गिरफ्तार किया जा रहा है। कहा कि प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी सरकार के तानाशाही रवैया को दर्शाती है। भाजपा सरकार लोकतंत्र को खत्म करने में लगी है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उपवास कार्यक्रम में कांग्रेस नेता मोहित उनियाल, सागर मनवाल, ब्लॉक अध्यक्ष मोहित नेगी, कार्यकारी ब्लॉक अध्यक्ष रणजीत सिंह, बुधदेव सेमवाल, नवीन जोशी, नगर अध्यक्ष राजवीर खत्री, मधु थापा, गोपाल शर्मा, अमित मनवाल, सभासद गौरव मल्होत्रा, नागेंद्र सिंह, भारत भूषण कौशल, अब्दुल रज्जाक, अजय रावत, करतार नेगी, उमेद बोरा, राहुल सैनी, सोनी कुरैशी, अखलाख साबरी, संजय खत्री, जसवंत सिंह आदि उपस्थित रहे।
