केंद्रीय टीम और डीएमसीएच प्रशासन के बीच बनी सहमति, दो चरणों में होंगे काम
दरभंगा
दरभंगा मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल परिसर में अखिल भारतीय आर्युविज्ञान संस्थान (एम्स) निर्माण की राह आसान होने लगी है। पहले चरण में कुल 150 एकड़ में निर्माण कार्य शुरू होंगे। इससे पहले इस जमीन की जद में आए डीएमसीएच के विभिन्न विभागों से उपस्कर व अन्य जरूरी सामान हटा लिए जाएंगे। इस विषय पर शनिवार को दिल्ली स्थित स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय से पहुंची केंद्रीय टीम व दरभंगा मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल के प्राचार्य डॉ. केएन मिश्रा व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के बीच सहमति बन गई। बताया गया कि वर्तमान में कुल 200 एकड़ जमीन की घेराबंदी होनी है। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। चहारदीवारी बनने के बाद भवन निर्माण के लिए एजेंसी तय की जाएगी। एम्स के दायरे में आनेवाले सभी पुराने भवनों को ध्वस्त कर नया निर्माण होगा। इसके तहत टीम ने सभी संबंधित भवनों का अवलोकन किया। साथ ही कहा कि जो भी अनावश्यक ढांचा होगा उसे ध्वस्त कर दिया जाएगा। वहां नया निर्माण होगा। इस दौरान टीम के साथ स्थानीय सांसद गोपालजी ठाकुर और डीएमसीएच के प्राचार्य भी चल रहे थे।
