सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा भुगत रही है सेलाकुई की जनता: आकिल
विकासनगर
कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री आकिल अहमद ने कहा कि डबल इंजन की सरकार के कार्यकाल में सेलाकुई नगर का विकास ठप हो गया। पांच वर्षों तक भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण सेलाकुई न तो ग्राम पंचायत रहा और न ही नगर पंचायत। जिसके कारण सेलाकुई के विकास का पहिया जाम हो गया। चारों ओर सड़कें बदहाल हैं। नगर में नालियां चोक हैं और गंदगी के ढेर लगे हैं।
कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री आकिल अहमद ने बुधवार को सेलाकुई नगर पंचायत क्षेत्र की पुर्विया बस्ती में जनसंपर्क अभियान चलाया और घर-घर जाकर लोगों की सुमस्यायें सुनी। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री आकिल अहमद ने कहा कि प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण नगर पंचायत को लेकर पहले ही कोर्ट में मजबूत पैरवी की जाती तो आज नगर पंचायत के सामने इतनी अधिक समस्यायें नहीं होती। लेकिन अब नगर पंचायत बनी लेकिन समस्यायें इतनी बढ़ गयी कि जिनका निराकरण नहीं हो पा रहा है। कहा कि बस्ती में लोगों का बुरा हाल है। महंगाई की मार से लोग त्रस्त हैं। कई लोगों के घरों में दो टाइम का राशन तक नहीं हैं। पहले कोरोना महामारी में लोगों का रोजगार छिन गया। अब कोरोना से कुछ राहत मिलने लगी तो महंगाई की मार ने लोगों की कमर तोड़कर रख दी है। कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण लोग बेरोजगारी से तंग हैं। कहा कि लोगों में सरकार के प्रति आक्रोश है। इस मौके पर शोएब मलिक, संदीप कुमार, जयकिशन, जगदीश शर्मा, सुंदर थापा, मेहताब खान, रियाजुद्दीन, आमिर अहमद आदि मौजूद रहे।