कोठियाल ने रोड शो कर जनसभा को संबोधित किया
पौड़ी।
आम आदमी पार्टी के सीएम प्रत्याशी कर्नल अजय कोठियाल(रि) शनिवार को पौड़ी पहुंचे। पौड़ी पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने रोड शो व रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने इस बार विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के पक्ष में मतदान करने की अपील लोगों से की।
शनिवार को पौड़ी पहुंचे अजय कोठियाल ने कंडोलिया मंदिर में कंडोलिया ठाकुर का आर्शीवाद लिया। इसके बाद लक्ष्मीनारायण मंदिर से बस स्टेशन, धारा रोड से होते हुए रामलीला मैदान तक रोड शो का आयोजन किया गया। इस दौरान आप कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। उन्होंने रोड शो के दौरान स्थानीय लोगों से मुलाकात करते हुए उनका हालचाल भी जाना।
रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा में अजय कोठियाल ने कहा कि राज्य बनने के 21 साल बाद भी प्रदेश में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। राज्य आंदोलनकारियों का सपना आज तक पूरा नहीं हो पाया है। कहा कि आम आदमी पार्टी जमीन पर काम करती है। जिसके चलते दो बार दिल्ली में आप को सरकार बनाने का सौभाग्य मिला है।
