सीएम से की लाखामंडल में विकास कार्य कराने की मांग
विकासनगर।
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश महामंत्री अनुसूचित जनजाति मोर्चा गीता राम गौड़ ने मुख्यमंत्री से मिलकर लाखामंडल में यमुना नदी के घाटों का जीर्णोद्धार करवाने, यमुना मंदिर का पुनर्निर्माण कराने के साथ ही क्षेत्र में चार मोटर मार्गों के निर्माण की मांग की है।
पूर्व प्रदेश महामंत्री गीताराम गौड़ ने बताया कि चार माह पहले राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रांत प्रचारक युद्धवीर ने लाखामंडल में यमुना आरती का शुभारंभ किया था। जिसके बाद पूर्व सीएम तीरथ रावत ने यमुना आरती में भाग लिया था। सरकार ने लाखामंडल को तेरह जनपद, तेरह डेस्टिनेशन योजना में सम्मिलित किया है। इसके तहत सिंचाई विभाग को यमुना घाटों का निर्माण, यात्रियों के लिए रैनबसेरा और शौचालय की सुविधा मुहैया कराने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन अभी तक कोई भी निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया। इसके साथ ही उन्होंने तीन किमी लंबे लाखामंडल-राठू- गोठाड़ संपर्क मार्ग निर्माण, डेढ़ किमी लंबे लाखामंडल-यमुना मार्ग डामरीकरण, दो किमी लंबे पुड़िया बैंड-पनखेत मार्ग डामरीकरण, क्यारा पुल से मुनोग तक मार्ग निर्माण की मांग भी की है। कहा कि लाखामंडल क्षेत्र में निर्माण कार्य होने से यहां पर्यटन उद्योग को बढ़ावा मिलेगा।