विधायक से की शिवलोक कालोनी में मार्ग निर्माण की मांग
विकासनगर।
नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत बाबूगढ़ की शिवलोक कालोनी में संपर्क मार्ग का निर्माण नहीं होने से स्थानीय लोगों को हर दिन परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को विधायक के कैंप कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर मार्ग निर्माण की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने गए ग्रामीणों ने बताया कि शिवलोक कालोनी में सौ से अधिक परिवार निवास करते हैं। नगर पालिका में शामिल होने पर कालोनी के बाशिंदों को बेहतर मूलभूत सुविधाओं की आस जगी थी, लेकिन चार साल से अधिक का समय बीत जाने के बावजूद अभी तक कालोनी के लिए संपर्क मार्ग का निर्माण नहीं किया गया है। कच्चे मार्ग पर आवागमन में लोगों को दिक्कतें आ रही हैं। बारिश आने पर पूरा मार्ग कीचड़ से भर जाता है, जिससे पैदल आवाजाही करना भी मुश्किल हो जाता है। इसके साथ ही मार्ग की धूल मिट्टी लोगों के घरों में हर रोज घुस जाती है। मार्ग निर्माण के लिए निकाय प्रशासन के साथ ही खुद विधायक से भी कई बार गुहार लगाई गई, लेकिन अभी स्थानीय लोगों की समस्याओं किसी ने ध्यान नहीं दिया है। लोगों ने जल्द मार्ग निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग विधायक से की है। ज्ञापन सौंपने वालों में विवेक शर्मा, आशीष कुमार, राम अवतार सिंह, मनोज शर्मा, रेखा शर्मा, मुन्ना लाल, नगीना देवी, सविता देवी, हरपाल सिंह, श्यामा देवी, ईशम सिंह, मनीष आदि शामिल रहे।
