सिलेंडर फटने से मचा रहा हड़कम्प
फैजाबाद रोड पर स्थित कालेज के पास खाली प्लाट में अनिल सिंह का रजाई-गद्दे का कारखाना है। बुधवार तड़के अनिल सिंह के कारखाने से एकाएक-आग की लपटें निकलनें लगीं। आस पड़ोस के लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया और पानी फेंककर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग बेकाबू होते देख लोगों ने घटना की जानकारी दमकल को दी। इस बीच हवा के तेज बहाव के कारण पड़ोस स्थित जुनैद की बांस-बल्ली की दुकान, पंचम की मछली, लकी फर्नीचर हाउस और न्यू कन्या ढाबा भी आग की चपेट में आकर जलने लगा। इस बीच कराखाने में एकाएक गैस सिलेंडर फटने से तेज धमाका हुआ। घटना से अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर फायर स्टेशन अफसर गोमतीनगर मदन सिंह दमकल कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। आग का भयावह रूप देखकर इंदिरानगर फायर स्टेशन से भी दमकल बुलाई गई। दमकल कर्मियों ने करीब आठ गाड़ियों की मदद से तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। एफएसओ ने बताया कि आग से कोई हताहत नहीं हुआ है। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया था।
