चकराता विधान सभा विकास की राह ताक रही: मधु
विकासनगर। चकराता विधान सभा के कालसी ब्लॉक के गांवों में ग्रामीणों से संपर्क कर रही जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान ने कांग्रेस को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि क्षेत्रीय विधायक अपने बीस साल की उपलब्धियों को बताएं। बीस साल की अवधि में जनता की मूलभूत सुविधाओं को लेकर कोई काम नहीं हुआ है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि राज्य गठन के बाद से ही चकराता का प्रतिनिधित्व कांग्रेस ने किया है। लेकिन कांग्रेस के बीस वर्ष का कार्यकाल उपलब्धियों के लिहाज से जीरो रहा है। अभी भी चकराता विधान सभा विकास की राह ताक रही है। विधायक ने आज तक जनता की सुविधाओं को लेकर कोई गंभीर प्रयास नहीं किए हैं। कहा कि विधायक निधि का उपयोग भी धनबल के आधार पर चुनाव जीतने के लिए किया गया है। कहा कि जितना विकास विधायक के बीस साल के कार्यकाल में हुआ है, उससे दो गुना उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष रहते हुए किया है। जिन सड़कों के निर्माण के लिए विधायक की ओर से प्रस्ताव नहीं भेजे गए उनका निर्माण जिला पंचायत योजना के तहत कराया गया। कहा कि एक दर्जन से अधिक गांवों में जिला पंचायत योजना के तहत सड़कें बनाई गई हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने क्षेत्र का विनाश किया है, जबकि भाजपा विकास करना चाहती है। दावा किया कि इस बार चकराता विधानसभा में कमल खिलने के बाद विकास की लहर आएगी। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख मठोर सिंह, रितेश, प्रीति, रविंद्र, कुंदन चौहान, नागचंद, अनिल जोशी, भीम सिंह, अर्जुन सिंह, दयाराम, खजान सिंह आदि मौजूद रहे।
