सवा लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी में मुकदमा दर्ज

रुड़की।  लक्सर में ऑनलाइन जिम का सामान बेचने वाले युवक से उसके बॉडी बिल्डिंग प्रोडक्ट खरीदने का लालच देकर ठग ने उसके बैंक एकांउट में से सवा लाख से अधिक की रकम पार कर दी। मामले में पुलिस उपाधीक्षक के आदेश के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
लक्सर निवासी गुरप्रीत सिंह पुत्र गुरनाम सिंह बॉडी बिल्डिंग प्रोडक्ट बेचने का काम करता है। उसने ऑनलाइन साइट ओएलएक्स पर भी अपना अकाउंट बना रखा है। इसी 4 जनवरी को एक व्यक्ति ने उसे फोन किया और ओएलएक्स पर मौजूद उसके कुछ सामान खरीदने की इच्छा जताई। गुरप्रीत ने सामान के कुल मूल्य 14500 रुपये जोड़ा और एडवांस भुगतान करने की बात खरीदार को कही। इस पर खरीदार ने गुरप्रीत को एक बारकोड स्कैनर भेजा और कहा कि इसे स्कैन करने से पैसे उसके खाते में आ जाएंगे। गुरप्रीत में जैसे ही बारकोड स्कैन किया, वैसे ही उसके खाते से चार पांच बार मे 137184 रुपये की रकम निकल गई। इसके बाद कथित खरीदार ने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया। गुरप्रीत ने कोतवाली में तहरीर दी, पर कार्रवाई नहीं हुई। इस पर उसने सीओ बीएस चौहान से मिलकर कार्रवाई की मांग की थी। सीओ ने मुकदमा दर्ज करने के आदेश कोतवाली पुलिस को दिए थे। कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया हे। मुकदमे की विवेचना कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *