प्राथमिक विद्यालय जुडली को मिला नया विद्यालय भवन
विकासनगर। ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय जुडली के नौनिहालों को शीतकालीन अवकाश के बाद सभी संसाधनों से युक्त नए भवन में पठन पाठन की सुविधा मिलेगी। गुरुवार को विधायक सहदेव पुंडीर ने करीब पंद्रह लाख की लागत से बने विद्यालय भवन का लोकार्पण कर उसे नौनिहालों को समर्पित किया। विधायक ने कहा कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी सरकारी विद्यालयों को उचित संसाधन मुहैया कराए जा रहे हैं। लगभग सभी सरकारी विद्यालयों में नए भवनों का निर्माण किया गया है, जहां नए भवन नहीं बने वहां, मरम्मत का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्तर पर गुणवत्ता परक शिक्षा मुहैया कराना सरकार की पहली प्राथमिकता रही है। उप शिक्षाधिकारी हिमांशु कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि राप्रावि जुडली में दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र के करीब सौ नौनिहाल अध्ययनरत हैं। नए विद्यालय भवन में जल्द ही स्मार्ट क्लास रूम की सुविधा भी मुहैया कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि ब्लॉक में इन दिनों करीब दो दर्जन से अधिक विद्यालय भवनों का निर्माण किया जा रहा है। शीतकालीन अवकाश के दौरान सभी भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण कर दिया जाएगा। इस दौरान जिला शिक्षाधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, खंड शिक्षाधिकारी वीपी सिंह, बीआरसी सत्येंद्र रावत, सीआरसी नरेश चौधरी, अवर अभियंता नरेंद्र मोहन शर्मा, प्रधानाध्यापिका दीप बमराड़ा, परविंद्र सैनी, राजेश पाल, सुनील, प्रधान रजनी देवी, एसएमसी अध्यक्ष राजकुमार आदि मौजूद रहे।
