खाद्य तेल और बिस्कुट के सैंपल लिए

ऋषिकेश।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने लालतप्पड़ और ऋषिकेश में खाद्य तेल का उत्पादन करने वाली फैक्ट्री और थोक बाजार में औचक छापेमारी की। मिलावट की आशंका में सरसों के तेल, रिफाइंड और वनस्पति घी के नमूने लिए। साथ ही व्यापारिक प्रतिष्ठानों में कार्रवाई करते बिस्कुट के सैंपल भरे। एक्सपायरी डेट वाले बेकरी के सामान को मौके पर नष्ट कराया। नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजे जाएंगे।
रविवार को डिप्टी कमिश्नर फूड सेफ्टी गढ़वाल मंडल राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने औद्योगिक क्षेत्र लालतप्पड़ में खाद्य तेल का उत्पादन करने वाली फैक्ट्री में छापेमारी की। कार्रवाई से फैक्ट्री में हड़कंप की स्थिति रही। विभागीय टीम ने फैक्ट्री से खाद्य तेल के नमूने भरे। टीम ने ऋषिकेश में खाद्य तेल के लाजपत मार्ग पर स्थित होलसेल मार्केट में भी कार्रवाई की। यहां करीब आधा दर्जन से अधिक प्रतिष्ठानों में सरसों, रिफाइंड और वनस्पति घी की जांच की। मिलावट की आशंका में नमूने लिए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने बताया कि लालतप्पड़ फैक्ट्री से सरसों तेल के दो नमूने, लाजपत मार्केट से एक सरसों, एक रिफाइंड और एक वनस्पति घी के साथ ही बिस्कुट के दो नमूने लिए गए हैं। बताया कि सैंपल को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौके पर जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी देहरादून पीसी जोशी, मनोज सेमवाल, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम रमेश सिंह, फूड एंड ड्रग प्रशासन विजिलेंस के उपनिरीक्षक जगदीश रतूड़ी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *