पंजाब में बंपर जीत से AAP गदगद, भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने निकाला भव्य रोड शो

अमृतसर (ईएमएस)। पंजाब विधानसभा चुनाव के परिणामों में आम आदमी पार्टी को आमजन ने दिल खोलकर समर्थन किया और भापी बहुमत देकर जीत दिलाई है। आम आदमी पार्टी की आंधी में तमाम दल का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। आम आदमी पार्टी ने भगवंत मान के नेतृत्व में 92 सीटों पर जीत हासिल की है। 117 सीटों में से 92 सीटों पर जीत हासिल करने वाली आम आदमी पार्टी अब पंजाब में सरकार बनाने जा रही है। जानकारी के मुताबिक 16 मार्च को भगवंत मान मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे पहले आज पंजाब में आम आदमी पार्टी का शक्ति प्रदर्शन भी हुआ। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल आज पंजाब पहुंचे थे जहां उन्होंने भव्य रोड शो किया। केजरीवाल के रोड शो में भगवंत मान भी मौजूद थे।
रोड शो निकाले जाने से पहले मुख्य संयोजक अरविंद केजरीवाल तथा राज्य के मुख्यमंत्री नामित भगवंत मान ने रविवार को यहां स्वर्ण मंदिर में माथा टेका। पार्टी के मुख्य संयोजक अरविंद केजरीवाल दिल्ली से यहां पहुंचने पर सीधे स्वर्ण मंदिर गए। इससे पहले मान ने हवाई अड्डे पर केजरीवाल, दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का स्वागत किया। पंजाब पहुंचने के बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भगवंत मान के साथ जलियांवाला बाग स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद दोनों नेताओं ने अमृतसर के दुर्गियाना मंदिर में भी पूजा की। भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल अमृतसर के वाल्मीकि मंदिर भी पहुंचे थे। इसके बाद भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने एक रोड शो निकाला। रोड शो में भी काफी भीड़ जुटी थी। सड़क के दोनों किनारों पर लोग नारे लगा रहे थे।
आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी ने पहले ही भगवंत मान को पंजाब में मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित कर दिया था। ऐसे में पंजाब में उन्हीं के नेतृत्व में सरकार बनेगी। इसके लिए भगवंत मान ने राज्यपाल से भी मुलाकात कर ली है। भगवंत मान 16 मार्च को नवांशहर जिले में महान स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। आम आदमी पार्टी ने 117 सदस्यीय विधानसभा में 92 सीटें जीती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *