प्रेमी-प्रेमिका के मंदिर में चोरी छिपे शादी रचाने के बीच पहुंची महिला ने जमकर काटा हंगामा 

 
कानपुर
फेसबुक पर हुई दोस्ती प्यार में परवान चढ़ने के बाद शादी में बदल गई। कल्याणपुर थाना क्षेत्र स्थित सोमवार को एक शिव मंदिर में पहुंची महिला ने उस समय जमकर हंगामा काटा,जब मंदिर में खड़ी उसकी बेटी ने वहां अपने प्रेमी के साथ शादी करने की जिद पकड़ ली। महिला का हाई वोल्टेज ड्रामा देख इलाकाई लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया,लेकिन महिला युवक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गई। जिसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई,जहां युवती को उसकी मां के सुपुर्द कर पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया।
कल्याणपुर सीएनजी पंप के पीछे स्थित शिव मंदिर में प्रेमिका के साथ शादी करने पहुंचे मस्वानपुर निवासी सुशील उर्फ रिंकू को इस बात का अंदाजा नहीं था कि मंदिर में फेरे पड़ने से पहले ही उसकी जिंदगी में तूफान आ जाएगा।
मंदिर में मौजूद पुजारी ने वर-वधू का परिचय जानकर जैसे ही मंत्रोच्चारण शुरू किया कि अचानक युवती की मां वहां आ गई। जिसे देख वर-वधू के होश उड़ गए। मां को गुस्से में देखकर इससे पहले की युवती कुछ बोल पाती, महिला आग बबूला हो लड़के पर टूट पड़ी। शोर-शराबा सुन दौड़े आसपास के लोगों ने किसी तरह लड़के को महिला के चंगुल से छुड़ाया। इस बीच माहौल बिगड़ता देख पंडित जी भी भीड़ का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले। जिसके बाद महिला ने हंगामा करना शुरू कर दिया। इलाकाई लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को शांत कराने का प्रयास किया लेकिन वह लड़के की गिरफ्तारी की बात पर अड़ गईं।
पुलिस दोनों पक्षों को थाने लेकर आ गई। पूछताछ के दौरान युवक ने पुलिस को बताया कि वह दोनों बालिग हैं और दोनों अपनी मर्जी से शादी कर रहे थे। 2007 में फेसबुक के जरिए उसकी दोस्ती लड़की से हुई थी। तभी से दोनों एक दूसरे को प्यार करते हैं। सोमवार सुबह उसने फोन कर लड़की को शादी के लिए मंदिर में बुलाया था। कल्याणपुर थाना प्रभारी ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है। हालांकि दोनों बालिग हैं। तहरीर मिलने पर मामले की जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *