400 बसों में सीएनजी किट लगवाएगा उत्तराखंड परिवहन निगम
देहरादून…..
पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को देखते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम ने अपनी 400 बसों को सीएनजी से चलाने का निर्णय लिया है। राज्य परिवहन निगम ने 400 बसों को सीएनजी में बदलने का प्रपोजल शासन को भेज दिया है। दरसअल, उत्तराखंड परिवहन निगम लंबे समय से घाटे में चल रहा है। तमाम उपाय करने के बाद भी निगम का घाटा कम नहीं हो रहा है। निगम ने अपने लॉस को कम करने के लिए बसों को सीएनजी से चलाने का निर्णय लिया है। नई बस खरीदने की जगह परिवहन निगम अपनी पुरानी बसों में सीएनजी किट लगा कर चलाना चाहता है। इसके पीछे बड़ी वजह पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दाम हैं।
निगम के महाप्रबंधक ने कहा कि हमने 400 बसों में सीएनजी किट लगाने की योजना बनाई है। नई बस खरीदने की तुलना में यह उपाय सस्ता है। दीपक जैन, महाप्रबंधक संचालन कहते हैं कि हमें अपनी 13 सीएनजी बसों में 50 प्रतिशत ही लागत लग रही है। इसलिए दिल्ली रूट की बसों को हम सीएनजी में कन्वर्ट करना चाह रहे हैं। हालांकि, इसमें तकनीकी दिक्कत है और उन्हें कैसे दूर किया जाए इसपर भी बात चल रही है। सीएनजी और पेट्रोल के दामों को देखते हुए यह प्लान बनाया गया है। सीएनजी में बस कनवर्ट होने से यात्री किराया भी कम हो सकता है।
