यूडीआईडी कार्ड बनाने में पार्षद करेंगे मदद
रुड़की। यूनिवर्सल दिव्यांग पहचान पत्र (यूडीआईडी) के लिए पार्षद भी अपने क्षेत्र में सहयोग देंगे। समाज कल्याण विभाग की ओर से पार्षदों को फार्म दिए गए। यूडीआईडी कार्ड बनाने के लिए इन दिनों अभियान चल रहा है। समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को हर बुधवार को नगर निगम सभागार में बैठने के आदेश दिए गए थे। लेकिन अधिकारी किसी बुधवार को आते हैं किसी में नहीं। इसलिए जरूरतमंदों को जानकारी नहीं मिल पाती है कि अधिकारी निगम में बैठेंगे या नहीं। इस बुधवार को निगम सभागार में समाज कल्याण विभाग के अधिकारी बैठे। लेकिन लोगों को इसकी जानकारी नहीं थी। कई पार्षद नगर निगम पहुंचे। उन्होंने हर बुधवार को निगम में अधिकारियों के बैठने की मांग की। विभाग की ओर से बताया गया कि दिव्यांगों के यूनिवर्सल दिव्यांग पहचान पत्र बनाए जा रहे हैं। इसके लिए एक फार्म भरना है। जिसमें दिव्यांग का नाम, पता आदि की जानकारी दी जानी है। एडीओ समाज कल्याण विनय सैनी ने पार्षदों को फार्म दिए। इस दौरान पार्षद नितिन त्यागी, अनूप राणा आदि मौजूद रहे।
