पथराव और फायरिंग का आरोपी देशी राइफल के साथ गिरफ्तार
रामपुर
टांडा थाना क्षेत्र में बच्चों के विवाद को लेकर दो दिन पहले हुई पथराव और फायरिंग की घटना का एक और आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिसके पास से देशी राइफल भी बरामद की गई है। छह आरोपी पहले गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं।
थाना क्षेत्र के गांव महुआखेड़ा में दो दिन पहले हुई थी। गांव में बच्चे खेल रहे थे, जिनमें मारपीट हो गई थी। इसके बाद दोनो ओर से बड़े आमने सामने आ गए थे। उन्होंने एक दूसरे पर हमला बोल दिया था। दोनो गुटों में जमकर मारपीट हुई थी। लाठी-डंडे चले और तमंचे भी निकल आए थे। एक दूसरे को निशाना बनाकर फायरिंग की गई थी। जिससे तीन लोग घायल हुए थे। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस के साथ भी अभद्रता की गई थी। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तार लोगों में दोनो पक्षों से तीन-तीन लोग शामिल थे।
पुलिस ने दोनो पक्षों के 26 लोगों को नामजद करते हुए 36 के खिलाफ खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी, जिनमें से छह को गिरफ्तार लिया था। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया था, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया था। पुलिस ने घटना में नामजद एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जो गांव का ही इरफान पुत्र रहीश है। उसके पास से फायरिंग में इस्तेमाल की गई देशी 12 बोर की राइफल भी बरामद हुई है। दो कारतूस भी मिले हैं। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।