हाथ पर काला फीता बांध डॉक्टरों ने किया सांकेतिक विरोध प्रदर्शन
रुड़की
सीएचसी के डॉक्टरों ने पूरे दिन हाथ पर काली पट्टी बांधकर काम कर सरकार के रवैये पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने अपनी मांगों को जायज ठहराया। कहा कि अभी सांकेतिक विरोध किया है। जल्दी मांगें नहीं मानी गई तो पूरे प्रदेश में आंदोलन शुरू किया जाएगा। पीएमएचएसए के आह्वान पर मंगलवार को लक्सर सीएचसी में तैनात सारे सरकारी डॉक्टरों ने हाथ पर काली पट्टी बांधकर काम किया। उन्होंने अपनी नाराजगी सरकार और स्वास्थ्य विभाग के सामने रखी। एसोसिएशन के जिला महासचिव डॉ. अनमोल सिंह ने बताया कि डॉक्टरों के स्थानांतरण ट्रांसफर एक्ट के मुताबिक करने, पीजी चिकित्सकों को प्रोत्साहन राशि देने, दुर्गम क्षेत्र में ड्यूटी देने वाले एमबीबीएस व बीडीएस डॉक्टरों को भी उनके वेतन की 25 फीसदी प्रोत्साहन राशि देने, पीजी की पढ़ाई के दौरान चिकित्सकों को आधे के बजाय पूरा वेतन देने, संविदा पर डॉक्टरों की तैनाती बंद करके नियमानुसार डॉक्टरों को नियुक्ति देने सहित 11 मांग को लेकर लंबे समय से शासन के साथ बातचीत की जा रही है। मांगों पर कार्रवाई नहीं करने के विरोध में अभी उन्होंने सिर्फ सांकेतिक आंदोलन किया है। फिर भी मांगे नहीं मानी गई तो एसोसिएशन आंदोलन को तेज करेगी। विरोध प्रदर्शन करने वालों में लक्सर सीएचसी के डॉ. छवि पटेल, डॉ. अनिल वर्मा और डॉ. अंकिता भी शामिल रहे।
