जायडस कर्मचारियों ने व्यापारी नेताओं से मांगा समर्थन
रुद्रपुर
जायडस कंपनी बंद करने को असंवैधानिक बताते हुए कर्मचारियों ने 17वें दिन भी धरना जारी रखा। कर्मचारियों के शिष्ट मंडल ने प्रंतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश, जनपद व स्थानीय नेताओं से संपर्क कर समर्थन मांगा। जायडस वैलनेस इम्पलाइज यूनियन के अध्यक्ष विकास समी ने बताया कि सोमवार को शिष्टमंडल व्यापारी नेता नवीन वर्मा, राजीव गुप्ता समेत प्रदेश, जनपद व स्थानीय व्यापारी नेताओं से मिला। उन्होंने कंपनी को रातों रात बंद करने की जानकारी देते हुए बताया कि 1100 कर्मचारी परिवार सड़क पर आ गये हैं। उन्होंने बताया कि व्यापारी नेताओं ने समर्थन का भरोसा दिया है। इधर धरनास्थल पर एक्टू के प्रदेश महामंत्री केके बोरा, किशोर पाण्डे, धर्मेंद्र सिंह ने संबोधित किया।
