पत्नी की हत्या का आरोपी जिला अस्पताल से फरार

मुरादाबाद

पत्नी की हत्या के आरोप में फंसा आरोपी सोमवार को मौका पाकर जिला अस्पताल से फरार हो गया। शनिवार की रात से वह जिला अस्पताल में भर्ती था। सोमवार को ड्यूटी पर मौजूद होमगार्ड को चकमा देकर वह फरार हो गया। ड्यूटी पर तैनात एक सिपाही खाना खाने गया था। पुलिस ने आरोपी को तलाश किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। देर रात तक पुलिस आरोपी की तलाश में गजरौला के अलावा संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
घटना एक अप्रैल की शाम नागफनी थाना क्षेत्र के बंग्लागांव में हुई थी। संदीप की बेटी निधि का शव घर में पलंग पर पड़ा था, जबकि उसका पति राजू उर्फ राजकुमार पंखे से लटक रहा था। पुलिस को सूचना देने के बाद राजू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। उनका कहना था कि करीब छह माह पहले ही उन्होंने निधि का विवाह गजरौला थाना क्षेत्र के ग्राम ईश्वरपुर निवासी राजू के साथ किया था। राजू दहेज से खुश नहीं था और निधि को प्रताड़ित करता था। मायके वालों का कहना था कि दहेज की मांग पूरी न होने पर राजू ने पहले निधि का गला घोंटकर हत्या कर दी। बाद में खुद फांसी पर लटकने का नाटक करने लगा। संदीप की तहरीर के आधार पर राजू के खिलाफ नागफनी थाने में दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया था। बताते हैं कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती राजू को पुलिस कस्टडी में ले लिया गया था। सर्जिकल वार्ड में भर्ती राजू की निगरानी करने के लिए एक सिपाही व एक होमगार्ड की ड्यूटी लगाई गई थी। सोमवार को सिपाही ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड से खाना खाने की बात कहकर चला गया। मौका पाकर राजू जिला अस्पताल से फरार हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *